r

कोडरमा, 06 जुलाई । जिले के तिलैया थाना अंतर्गत बिशुनपुर रोड स्थित लॉ कॉलेज के पीछे धनबाद-गया रेलखंड पर सोमवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के राजेंद्र पथ, तेलबीघा निवासी तुषार कुमार (27) के रूप में हुई है। वह गया स्थित आईडीएफसी बैंक में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कोडरमा-गया रेलखंड की अप लाइन पर ड्यूटी के लिए निकले चाभी मैन ने पोल संख्या 395/25 के समीप एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना कोडरमा आरपीएफ को दी।

सूचना मिलने के बाद आरपीएफ ने तिलैया थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

इसी दौरान मृतक के मोबाइल फोन पर उसके पिता का कॉल आया, जिससे युवक की पहचान हो सकी। थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी मृतक के पिता को देते हुए उन्हें तत्काल कोडरमा आने के लिए कहा। मृतक के पिता मदन मोहन कुमार ने बताया कि तुषार गया के आईडीएफसी बैंक में कार्यरत था।

वह रविवार शाम घर से बिना कुछ बताए निकला था। इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका और परिवार उसकी तलाश में लगा हुआ था। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को मृतक के लोअर (पायजामे) की जेब से एक माचिस मिली है। वहीं शव के पास से उसका मोबाइल फोन और एक हेडफोन भी बरामद किया गया है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।