
ईडी ने दाखिल किया जवाब, अदालत ने प्रार्थी को दिया प्रतिउत्तर देने का निर्देश
रांची, 19 अगस्त । झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की ओर से धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले में आरोपपत्र में दर्ज राशि में बदलाव को चुनौती देने वाली याचिका पर बुधवार को झारखंड उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से अदालत में अपना जवाब दाखिल किया गया। ईडी के जवाब के बाद अदालत ने प्रार्थी मधु कोड़ा को अपना प्रतिउत्तर दाखिल करने का निर्देश दिया।
दरअसल, धन शोधन मामले में ईडी की ओर से दाखिल आरोपपत्र में कथित तौर पर दर्ज धन शोधन की राशि में बदलाव किया गया था। मधु कोड़ा ने इस बदलाव को लेकर निचली अदालत में आपत्ति जताते हुए याचिका दाखिल की थी। हालांकि, निचली अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी।
निचली अदालत के इस आदेश को मधु कोड़ा ने झारखंड उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। उनकी ओर से दायर याचिका में आरोपपत्र में दर्ज धन शोधन की राशि में किए गए बदलाव पर सवाल उठाते हुए इसे चुनौती दी गई है।
बुधवार को सुनवाई के दौरान ईडी ने अपना पक्ष अदालत के समक्ष रखा। अब प्रार्थी की ओर से ईडी के जवाब पर प्रतिउत्तर दाखिल किया जाएगा। इसके बाद मामले में आगे की सुनवाई होगी।


















