जलपाईगुड़ी, 27 सितंबर । जिले के राजगंज ब्लॉक के फाटापुकुर होल्डिंग सेंटर से एक रोहिंग्या युवक के दीवार फांदकर भागने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि रविवार शौचालय जाने के बहाने बाहर निकला युवक सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर सेंटर की दीवार फांदकर फरार हो गया। बाद में स्निफर डॉग की मदद से चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान उसे करीब एक किलोमीटर दूर चाय बागान से पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक की पहचान मोहम्मद सलाम, निवासी म्यांमार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर को न्यू जलपाईगुड़ी इलाके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उन्हें फाटापुकुर होल्डिंग सेंटर में रखा गया था। रविवार सुलेमान शौचालय जाने की बात कहकर बाहर निकला और कथित तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर दीवार फांदकर भाग गया। घटना की सूचना पाकर संभावित रास्तों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। स्निफर डॉग की मदद से भी खोजबीन की गई। काफी देर की तलाश के बाद पानिकौरी मोड़ के पास एक चाय बागान से उसे पकड़ लिया गया।
