onkar

पश्चिम बर्दवान, 27 सितंबर । चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र के विश्वेश्वरी इलाके में रविवार की सुबह एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। हालांकि मकान गिरने से घर में रखा सामान मलबे में दब गया और परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया।

बताया गया कि सिंदुली के माहतो पाड़ा इलाके में मजदूर बाबलू सरदार का मिट्टी का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था। अचानक मकान की दीवारें ढह गईं। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मकान रहने लायक नहीं रहने के बाद बाबलू सरदार का परिवार फिलहाल स्थानीय क्लब में शरण लिए हुए है। परिवार में पत्नी, बच्चे और बीमार मां हैं। पड़ोसी भी परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं और अपने घरों से खाना पहुंचा रहे हैं।

बाबलू सरदार ने प्रशासन और सरकार से परिवार के लिए पक्का मकान उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि बारिश के बीच बच्चों और बीमार मां के साथ सुरक्षित जगह पर रहना जरूरी है।

परिवार की मांग है कि प्रशासन उनकी स्थिति का जायजा लेकर सरकारी आवास योजना या अन्य सहायता के तहत उन्हें जल्द मदद उपलब्ध कराए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण इलाके में कच्चे और पुराने मकानों में रहने वाले परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। मिट्टी की दीवारों में पानी लगने से उनके कमजोर होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में प्रशासन से कमजोर मकानों की स्थिति का जायजा लेने और जरूरतमंद परिवारों को अस्थायी राहत तथा सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है। फिलहाल बाबलू सरदार का परिवार क्लब में रहकर बारिश थमने और प्रशासनिक सहायता का इंतजार कर रहा है।