जलपाईगुड़ी, 27 सितंबर । सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजगंज के गंडारमोड़ ट्रैफिक प्वाइंट के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से कैदियों को लेकर जा रही प्रिजन वैन समेत पांच वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी से एक प्रिजन वैन कैदियों को लेकर जलपाईगुड़ी अदालत की ओर जा रही थी। गंडारमोड़ ट्रैफिक प्वाइंट पर सिग्नल के कारण एक यात्री वाहन और बाइक समेत कई वाहन खड़े थे। इसी दौरान सिलीगुड़ी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक कंटेनर कथित तौर पर नियंत्रण खो बैठा और खड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद प्रिजन वैन, यात्री वाहन और बाइक समेत कुल पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में बाइक कंटेनर के नीचे दब गई और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर फुलबाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पाकर फुलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट, भोरेर आलो थाना और राजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
