onkar

दुर्गापुर, 27 सितंबर । दुर्गापुर के बांकुड़ा मोड़ के पास फ्लाईओवर के नीचे रेलवे की गुड साइट से रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर कोकओवन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेज दिया।

बरामद शव की हालत काफी खराब होने के कारण अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका भी पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि रेलवे की गुड साइट के पास स्थित एक घर के अंदर से शव को घसीटकर बाहर लाया गया होगा। शव मिलने वाली जगह से घर की ओर जमीन पर घसीटे जाने जैसे निशान दिखाई देने की बात स्थानीय लोगों ने कही है। इससे मामले को लेकर रहस्य और गहरा गया है।

स्थानीय निवासी शंभु दास ने दावा किया कि निशान देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि शव को इलाके के ही किसी घर के अंदर से घसीटकर बाहर लाया गया है। हालांकि शव किसका है और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है।

रेलवे की गुड साइट पर अक्सर खाली ट्रक खड़े रहते हैं। रविवार को भी वहां कई ट्रक मौजूद थे।

कोकओवन थाने की पुलिस ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति की मौत के कारण और शव के रेलवे गुड साइट तक पहुंचने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारण को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।