आरोपित गिरफ्तार

पीएलएफआई से संबंध की जांच

खूंटी, 20 सितंबर। लेवी मांगने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रनिया थाना क्षेत्र से एक युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक मोटरसाइकिल से कोटांगेर से गरई रोड की ओर जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, हथियार लेकर एक व्यक्ति के उक्त रास्ते से गुजरने की सूचना मिली थी। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में टीम गठित कर बताए गए रास्ते पर जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई।

गिरफ्तार युवक की पहचान करीब 21 वर्षीय बजेन्द्र महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के निधिया गांव का रहने वाला है।

मोबाइल में ‘जंगी’ एप मिलने का दावा

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन की जांच में ‘जंगी’ नामक एप्लीकेशन मिला है। पुलिस का दावा है कि इस एप्लीकेशन का इस्तेमाल  पीएलएफआई  से जुड़े सदस्यों द्वारा लेवी मांगने के लिए किया जाता रहा है। हालांकि, गिरफ्तार युवक का संगठन से संबंध और लेवी मांगने में उसकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है।

इस मामले में रनिया थाना में मामला  दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्‍न धराओं  के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान हथियार के स्रोत और लेवी मांगने की सूचना से गिरफ्तार युवक के कथित संबंधों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।