जंगली हाथी घर तोड़कर चट कर गया अनाज

खूंटी, 04 जून । रनिया प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। हाथियों की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीण भय के साये में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। क्षेत्र के लोगों को हर रात इस बात की चिंता सताती रहती है कि कहीं हाथियों का झुंड उनके घरों और संपत्ति को नुकसान न पहुंचा दे।

इसी क्रम में बुधवार की देर रात लगभग ढाई तीन बजे एक जंगली हाथी ने रनिया प्रखंड के बेल्सियागढ़ गांव निवासी सोनू सिंह के घर पर हमला कर दिया। हाथी ने घर को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा घर में रखे अनाज को चट कर गया। साथ ही घरेलू उपयोग की अन्य सामग्रियों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे परिवार को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक प्रतिनिधि सुरेश कोनगाड़ी एवं देवनाथ मगहिया प्रभावित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक प्रतिनिधि सुरेश कोनगाड़ी ने बताया कि नुकसान का आकलन कर मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। संबंधित विभाग को शीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रभावित परिवार को जल्द राहत मिल सके।

इधर, ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के लगातार हो रहे उत्पात पर रोक लगाने, प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोगों की रातों की नींद उड़ गई है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाने तथा प्रभावित परिवारों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।