आम तोडने के दौरान हाई वोल्‍टेज तार की चपेट में आया युवक, मौत

लोहरदगा, 11 जून । कुडू थाना क्षेत्र के कुड़ू बटम टोली निवासी असलम अंसारी के पुत्र परवेज अंसारी की बुधवार को करंट लगने से मौत हो गई। बताया जाता है कि बटम टोली निवासी असलम अंसारी का पुत्र परवेज अंसारी मजदूरी करने का काम करता था। काम नहीं मिलने के बाद कुड़ू – लोहरदगा मुख्य पथ पर थाना क्षेत्र के जीमा पेट्रोल पंप के समीप आम पेड पर आम तोड़ने गया था। आम तोड़ने के दौरान वह पेड़ के बगल से गुजरे 11 हजार वोल्ट तार के संपर्क में आ गया इससे परवेज को तेज झटका लगा तथा डाली से हाथ छुटकर वह बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि परवेज बिजली तार के संपर्क में आते ही तेज आवाज के साथ पेड़ से नीचे सड़क पर गिर गयाऔर  गंभीर रूप से घायल हो गया।

तत्काल ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए  उसे कुड़ू सीएचसी पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना के बाद भारी संख्या में लोग सीएचसी पहुंचे। मौके पर परिजन भी पहुंचे। परिजनों के चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मुआवजा की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।