________ 3

रांची, 6 नवंबर ।  झारखंड के गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र के पोकला बाजार के पास खूंटी–सिमडेगा मुख्य मार्ग पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बोलेरो और टैंकर की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा सुबह लगभग साढ़े चार बजे उस समय हुआ जब मुरहू प्रखंड के हांसा गांव एवं आसपास के छह युवक रामरेखा धाम मेले से लौट रहे थे। बोलेरो की रफ्तार तेज़ होने के कारण वह सामने से आ रहे टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गई।

मृतकों की पहचान अनुज कुमार मांझी (गजगांव निवासी) और शिवदत्त मांझी (हांसा गांव निवासी) के रूप में की गई है। दोनों बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के सक्रिय सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता बताए गए हैं।

घायलों में प्रभाष कुमार (गजगांव), अमित महतो (रेवा गांव), चंद्रू राम, सुनील कुमार (जुरदाग) और रंजीत महतो (बांदे गांव) शामिल हैं। सभी घायलों को पहले कामडारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया, जहां से चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बोलेरो बुरी तरह मलबे में तब्दील हो गई थी। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।

कामडारा थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा घटना की गहन जांच की जा रही है।

आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार सहित समिति के अन्य सदस्यों और भाजपा संगठन ने दोनों कार्यकर्ताओं के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में संगठन दिवंगत आत्माओं के परिजनों के साथ खड़ा है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उन्हें यह अपूरणीय क्षति सहन करने की शक्ति मिले।

स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जाएगी।