g

कोलकाता, 21 सितंबर। पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने पासपोर्ट वेरिफिकेशन के नाम पर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सिविक वालंटियर्स को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी की ओर से दोपहर के समय जारी बयान में बताया गया है कि सोमवार, एसीबी ने नदिया जिले के राणाघाट पुलिस अंतर्गत आने वाले हरिणघाटा डीआईबी कार्यालय में जाल बिछाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों आरोपितों को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। यह कार्रवाई हरिणघाटा थाना क्षेत्र के निमतला बाजार निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई, जिससे पुलिस क्लीयरेंस के एवज में इस अवैध राशि की मांग की गई थी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया और दोनों आरोपितों को घूस की रकम स्वीकार करते ही मौके से धर दबोचा। दोनों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

बंगाल में एसीबी लगातार कर रही है धर-पकड़

दरअसल राज्य में जब से तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी मुरलीधर शर्मा ने भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की कमान संभाली है, तब से पूरे पश्चिम बंगाल में भ्रष्ट सरकारी तंत्र के खिलाफ धरपकड़ का सघन अभियान जारी है। राज्य सरकार द्वारा एसीबी को अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से किए गए पुनर्गठन के बाद, आईपीएस शर्मा के नेतृत्व वाली यह नई टीम ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर बेहद आक्रामक तरीके से काम कर रही है।

आईपीएस मुरलीधर शर्मा के निर्देशन में एसीबी ने हाल के दिनों में कई भ्रष्ट अधिकारियों पर सफलतापूर्वक शिकंजा कसा है। इससे पहले, जांच एजेंसी की टीम ने झारग्राम जिले के जांबोनी ब्लॉक विकास कार्यालय (बीडीओ) में एक सब-असिस्टेंट इंजीनियर को उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का बिल पास करने के एवज में ठेकेदार से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

इसी तरह अगस्त महीने में हावड़ा पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत बांटरा पुलिस स्टेशन के एक सब-इंसपेक्टर सुब्रत सरकार को एक स्थानीय मामले को रफा-दफा करने के लिए 15 हजार रुपये की घूस लेते पकड़ा गया था। इसके अलावा पूर्व मेदिनीपुर जिले के पांशकुड़ा ब्लड बैंक के बाहर से एक दलाल को अवैध रूप से खून बेचने के आरोप में सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। एसीबी की इन लगातार और ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से राज्य के भ्रष्ट प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में भारी हड़कंप मचा हुआ है।