onkar

कोलकाता, 21 सितंबर । कोलकाता के चितपुर में सोमवार को राज्य की नगर विकास एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल की गाड़ी को घेरकर नगर निगम के अस्थायी स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी स्वास्थ्यकर्मियों ने वेतन बढ़ाने की मांग उठाई।

अग्निमित्रा पाल सोमवार को चितपुर में डेंगू के खिलाफ जागरूकता अभियान में शामिल होने पहुंची थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह वहां से निकल रही थीं, तभी नगर निगम के कुछ अस्थायी स्वास्थ्यकर्मियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना था कि उनके वेतन में बढ़ोतरी की जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। अग्निमित्रा पाल ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही वेतन बढ़ोतरी को लेकर फैसला लिया जाएगा।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि इन स्वास्थ्यकर्मियों को फिलहाल प्रतिदिन 303 रुपये मिलते हैं और सरकार उनके वेतन में बढ़ोतरी का प्रयास करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी का वेतन बंद नहीं हुआ है और मौजूदा सरकार के कार्यकाल में किसी का वेतन बंद नहीं होगा, बल्कि वेतन बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।

मंत्री ने राज्य की आर्थिक स्थिति का भी जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकार राज्य पर कर्ज छोड़कर गई है। वर्तमान सरकार की ओर से महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये दिए जा रहे हैं और कई अन्य योजनाएं भी चल रही हैं। ऐसे में राज्य के खजाने की स्थिति को देखते हुए ही स्वास्थ्यकर्मियों के वेतन बढ़ाने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।