सरायकेला, 8जुलाई। सरायकेला -खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के सामने मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे काफी देर तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में 22 वर्षीय मोहम्मद निसार, पिता मोहम्मद यूनुस, निवासी अंसार नगर, डेमडुबी (कपाली ओपी क्षेत्र) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान, निवासी गौसनगर (कपाली ओपी क्षेत्र), गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का कार्य कर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद काफी देर तक न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह सड़क जाम हटवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।
