गिरिडीह, 08 जुलाई । गिरिडीह जिले के धनवार नगर पंचायत स्थित बड़ा चौक के होटल डिस्कवरी में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित कथित अनैतिक गतिविधियों के नेटवर्क का खुलासा किया है । गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी में होटल के एक कमरे से दो युवकों और दो युवतियों को हिरासत में लिया गया। मौके से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने देर शाम होटल को सील कर दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के सभी कमरों की जांच की। जांच के दौरान होटल में ठहरे लोगों के संबंध में कोई वैध रजिस्टर, पहचान पत्र की प्रविष्टि या आगंतुकों का रिकॉर्ड नहीं मिला। इससे स्पष्ट हुआ कि होटल में नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना किसी वैध एंट्री के लोगों को कमरे उपलब्ध कराए जा रहे थे।
खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि यह छापेमारी गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से की।
पुलिस ने होटल के मैनेजर प्रदीप साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में पता चला है कि होटल का संचालन अनिल साव कर रहा था। छापेमारी की भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार की मौजूदगी में देर शाम होटल डिस्कवरी को सील कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि होटल संचालक द्वारा होटल संचालन से जुड़े कई नियमों का उल्लंघन किया गया है, जिसकी भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान खोरीमहुआ एसडीपीओ, धनवार थाना प्रभारी, धनवार बीडीओ, दंडाधिकारी, महिला पुलिस बल तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे। पूरे अभियान के दौरान होटल परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल से बरामद दस्तावेजों, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
