अर्द्धनिर्मित पिस्टल, मशीनें और उपकरण बरामद
रामगढ़, 08 जुलाई । रामगढ़ जिले में बुधवार को अवैध हथियार बनाने की एक मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। रामगढ़, रांची और हजारीबाग पुलिस के द्वारा चलाए गए ज्वाइंट ऑपरेशन में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का संचालन कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दत्तो गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया।
छापेमारी के दौरान अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मिला। पुलिस ने तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन, हथियार बनाने की मशीन, ड्रिल मशीन, गैस कटर, रेल पटरी इत्यादि लोहे के कई पार्ट्स और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
कोयलांचल में रंगदारों को उपलब्ध कराए जाते थे हथियार
पुलिस ने इस मामले में दिनेश विश्वकर्मा, उसकी पत्नी नूतन देवी और बड़े भाई अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। तीनों से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपित मूल रूप से नवादा (बिहार) के लेसरीगंज के निवासी हैं। दत्तो गांव में वर्षों से लोहार का काम करने की आड़ में अवैध हथियार बनाने का कारोबार चला रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तैयार हथियारों की सप्लाई कोयलांचल और आसपास के इलाकों में की जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं में किया जाता था।
इस संबंध में पतरातू (भुरकुंडा ओपी) थाने में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि इस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी, हथियारों की सप्लाई चेन (बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज) का पता लगाने तथा पूरे गिरोह का खुलासा करने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी गई है।
