मिर्जागंज सब्‍जी मंडी

गिरिडीह, 16 अक्टूबर ।  गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथडीह मिर्जागंज सब्जी मंडी रविवार की सुबह रणभूमि में तब्दील हो गई, जब सब्जी खरीद-बिक्री के दौरान जाम को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

झड़प के दौरान कई फल और सब्जी के ठेले व दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए पूरा बाजार युद्धभूमि में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। बाद में दोनों गुटों ने थाना पहुंचकर एक-दूसरे पर मारपीट और रंगदारी मांगने के आरोप लगाए।

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।