सरायकेला, 16 अक्टूबर । सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया ब्लॉक परिसर से सटे तालाब के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पाकर आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक की पहचान आनंद कुमार, पिता हालदार प्रसाद चौधरी, निवासी सी. निर्मल महतो पाथ, छोटा गम्हरिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड के एसएमएस विभाग की एक कर्मचारी पहचान पत्र भी बरामद हुई है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि मृतक वहीं कार्यरत था।
फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
