पूर्व मेदिनीपुर, 01 फरवरी। जिले के रामनगर इलाके में रविवार सुबह एक बड़ी लापरवाही के चलते रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा बांस काटने के दौरान एक बांस का हिस्सा रेलवे की ओवरहेड विद्युत तार पर गिर गया, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और कई ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय बांस काटने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बांस का एक हिस्सा रेल लाइन के ऊपर लगे ओवरहेड तार पर गिर पड़ा, जिससे तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई। इसके चलते पांशकुड़ा–दीघा लोकल, हावड़ा–दीघा ‘ताम्रलिप्त’ एक्सप्रेस तथा मेचेदा–दीघा लोकल ट्रेन सहित कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी रही।
सूत्रों के मुताबिक, तीन ट्रेनें लगभग तीन घंटे तक विलंबित रहीं। लंबे समय तक ट्रेनों के खड़े रहने से दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री स्टेशन पर ही फंसे रहे, जबकि कुछ यात्रियों ने रेल प्रशासन के प्रति नाराज़गी भी जताई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ओवरहेड तार की मरम्मत का कार्य शुरू किया। इसके बाद विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने के प्रयास जारी रहे, जिसके बाद धीरे-धीरे रेल यातायात सामान्य होने की प्रक्रिया शुरू हुई।
