बोलेरो से गाय बरामद

सरायकेला, 17 जुलाई। कपाली ओपी पुलिस ने गुरुवार देर शाम एक बोलेरो वाहन से तीन गायें बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस  कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।  सूचना मिली थी कि एक बोलेरो में मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है।  सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने पुड़ीसिल्ली क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर कपाली की ओर भाग निकला। पुलिस ने बोलेरो का पीछा किया।  इसी दौरान चालक  हासमी मोहल्ले में वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें तीन गायें बरामद हुईं। पुलिस ने मवेशियों को कब्जे में लेकर बोलेरो को जब्त कर लिया।  कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह भी जांच की जा रही है कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है.