सिलीगुड़ी, 12 अगस्त । विश्व हाथी दिवस के अवसर पर कर्शियांग वन विभाग की ओर से बागडोगरा के बैंगडुबी फॉरेस्ट भवन में बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हाथियों के संरक्षण के साथ-साथ मानव-हाथी संघर्ष को कम कर आने वाले दिनों में इसे शून्य तक पहुंचाना रहा।
यह कार्यक्रम पशु प्रेमी संगठन नेचर हेल्प ऑर्गनाइजेशन और कर्शियांग वन विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कर्शियांग के डीएफओ (डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर) देवेश पांडे, एडीएफओ (सहायक डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर), आठ रेंज के रेंजर, वनकर्मी और पशु प्रेमी संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान हाथियों के पर्यावरणीय महत्व और मानव जीवन में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों के बीच हाथियों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसके अलावा हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और मानव-हाथी संघर्ष को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले करीब 40 वनकर्मियों को सम्मानित किया गया।
कर्शियांग डीएफओ देवेश पांडे ने कहा मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए वन विभाग की ओर से आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। तकनीकी उपायों और बेहतर निगरानी के कारण हाथी और इंसान के बीच संघर्ष से होने वाली मौतों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य मानव-हाथी संघर्ष को शून्य करना है।
