सिलीगुड़ी, 12 अगस्त । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच माटीगाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बुधवार दोपहर करीब 400 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान प्रकाश मंडल के रूप में हुई है। वह नक्सलबाड़ी के आश्रमपाड़ा का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, माटीगाड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के गेट नंबर दो के बाहर एक युवक मादक पदार्थ लेकर पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध युवक के वहां पहुंचते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 400 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपित ब्राउन शुगर की डिलीवरी करने के लिए वहां पहुंचा था, लेकिन डिलीवरी से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गुरुवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
