जागरूकता अभियान

पश्चिमी सिंहभूम, 22 सितंबर । जिला स्थित चक्रधरपुर प्रखंड के आसनतलिया और भारनिया पंचायत के विभिन्न गांवों में सोमवार को आदिवासी हो समाज युवा महासभा के नेतृत्व में सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के अंतर्गत नेशनल आदिवासी रिवाइवल एसोसिएशन और सिंगी एंड सिंगी सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया।

इन नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को विशेष रूप से डायन-प्रथा, सामाजिक बुराइयों और अन्य अंधविश्वासों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने समाज में व्याप्त आंतरिक कुरीतियों को समाप्त करने की अपील करते हुए शिक्षा, जागरूकता और एकता का संदेश दिया।

साथ ही इस अवसर पर डोलाबु दिल्‍ली 5.0 कार्यक्रम की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई, जिसमें समाज के विकास, संस्कृति के संरक्षण और आदिवासी युवाओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।