dfhd

कोलकाता, 20 सितंबर । पश्चिम बंगाल में रविवार को मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने का अनुमान है। दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। उत्तर बंगाल में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

कोलकाता और आसपास के इलाकों में आज सामान्यतः बादल छाए रहने तथा एक-दो दौर की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कोलकाता-हावड़ा क्षेत्र में न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री और अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। गरज-चमक के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण बंगाल के पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पूर्व मेदिनीपुर, हुगली, हावड़ा, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना समेत आसपास के जिलों में स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा की स्थिति बन सकती है।

उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश की संभावना है। दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान करीब 15 और अधिकतम 22 डिग्री, जबकि सिलीगुड़ी में करीब 25 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

आसनसोल और पश्चिमी जिलों में भी बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आसनसोल में तापमान करीब 25 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्यतः 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश के बावजूद वातावरण में नमी अधिक रहने से कई जिलों में उमस महसूस हो सकती है।

आगे के पूर्वानुमान के अनुसार 21 सितंबर को भी दक्षिण बंगाल में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। 22 सितंबर से दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। 23 से 26 सितंबर के बीच भी कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। उत्तर बंगाल में 24 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है।