
कोलकाता, 14 अगस्त । आर. जी. कर अस्पताल में महिला चिकित्सक के दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार पानीहाटी के पूर्व विधायक निर्मल घोष को शुक्रवार सुबह खड़दह थाने लाया गया। बाद में पुलिस उन्हें बैरकपुर महकमा अदालत में पेश करने के लिए ले गई। इसी दौरान थाने के बाहर प्रदर्शनकारियों ने निर्मल घोष के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा से गिरफ्तार किए गए निर्मल घोष को शुक्रवार सुबह खड़दह थाने लाया गया था। उन्हें पुलिस वैन तक ले जाते समय प्रदर्शनकारियों की ओर से अंडे फेंके गए। स्थिति से बचने के लिए निर्मल घोष ने हेलमेट भी पहना, लेकिन प्रदर्शनकारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। उन्हें कथित तौर पर धक्का-मुक्की, थप्पड़ और लात मारे जाने की भी घटना सामने आई।
दूसरी तरफ, इसी मामले में गिरफ्तार पूर्व पार्षद संजीव मुखर्जी को भी प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। थाने के बाहर भाजपा समर्थकों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। कुछ प्रदर्शनकारी जूतों की माला लेकर भी पहुंचे थे। इस दौरान वहां डीजे भी बजाया जा रहा था।
आर. जी. कर अस्पताल की मृतक चिकित्सक के पिता की ओर से दर्ज कराई गई नई शिकायत के आधार पर पुलिस ने निर्मल घोष और संजीव मुखर्जी को गिरफ्तार किया है। मामले में नामजद एक अन्य आरोपित सोमनाथ दे की तलाश जारी है।
शुक्रवार को जब निर्मल घोष और संजीव मुखर्जी को अदालत ले जाया जा रहा था, उस समय पीड़िता के पिता भी खड़दह थाने में मौजूद थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत नहीं की।
बताया जा रहा है कि मामले में वह गुप्त बयान दर्ज करा सकते हैं। पुलिस की ओर से उन्हें अलग से सुरक्षा दिए जाने की भी संभावना है।
गौरतलब है कि नौ अगस्त 2024 को आर. जी. कर अस्पताल के सेमिनार हॉल से ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक का शव बरामद हुआ था। इसके बाद मामले ने पूरे देश में व्यापक आक्रोश पैदा किया था। आरोप है कि परिवार की अनुमति के बिना शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करा दिया गया था। उस समय निर्मल घोष विधायक थे और उनके खिलाफ शव के जल्द अंतिम संस्कार में भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है।
मृत युवती के पिता ने इस संबंध में निर्मल घोष समेत तीन लोगों के खिलाफ नई शिकायत दर्ज कराई। इसमें पूर्व विधायक के अलावा पड़ोसी संजीव मुखर्जी और तृणमूल के नगर प्रतिनिधि सोमनाथ दे का नाम शामिल है। संजीव को गुरुवार रात गिरफ्तार किया गया था, जबकि सोमनाथ दे की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।


















