गिरिडीह, 06 अगस्त । जिले के निमिया घाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग मालवाहक ट्रक ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल जा रहे दो युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई। निमियाघाट के चरकीटोंगरी के पास हुए इस हादसे को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक पर क्षमता से अधिक टीएमटी सरिया (छड़) से लदा होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
राहगीर की पहचान बालमिकी कुमार (27) के रूप में हुई है। घटना के बाद ट्रक के केविन में फंसे ट्रक चालक को ग्रामीणों ने काफी मशक्त से बाहर निकाला और दोनों को डुमरी अस्पताल में भर्ती किया गया। बाद में दोनों को धनबाद रेफर कर दिया गया । घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक में उसकी क्षमता से कहीं अधिक सरिया लोड किया गया था। अत्यधिक भार के कारण ही ढलान या मोड़ पर चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। हादसे के बाद ट्रक के परखच्चे उड़ गए और वाहन टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।
सरकारी संपति चुराने वाले दो अपराधी गिरफ्तार
जिला जनसंपर्क कार्यालय से हुए चोरी का खुलासा करने में गिरिडीह नगर थाना पुलिस सफल रही। गुरुवार को नगर थाना में प्रेसवार्ता के दौरान डीएसपी नीरज सिंह और थाना प्रभारी रतन सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जनसंपर्क कार्यालय से चोरी हुआ इनवर्टर, बैट्री सहित कई अन्य समानों को नगर थाना पुलिस बरामद किया है। कार्यालय से चोरी करने की घटना में शामिल दो अपराधी मोहम्मद वारिस और महताब अंसारी को भी दबोचा गया है।
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में एक अपराधी मोहम्मद वारिस मुफ्फसिल थाना इलाके के सिमरियाधोड़ा का रहने वाला हैं, जबकि उसका साथी महताब अंसारी नगर थाना इलाके के न्यू चूड़ी मुहल्ले का रहने वाला है। इन दोनों अपराधियों ने ही जनसंपर्क कार्यालय में चोरी के घटना को अंजाम दिया था।
