नई दिल्ली, 03 अक्टूबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने एशियाई खेल के दौरान भारत को पदक दिलाने वाले विजेताओं शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, “कांस्य पदक मैच में दोनों ही तीरंदाजी भारतीय थे इसलिए यह भारतीय रिकर्व तीरंदाजी के लिए एक खास पल था। आपका पदक खेल में व्यक्तिगत रिकर्व मंच पर भारत की मजबूत मौजूदगी को और बढ़ाता है और यह भारतीय तीरंदाजी के लिए गर्व की बात है। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने और अपने खिताब को सफलतापूर्वक बचाने के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को बहुत-बहुत बधाई। हमारी पुरुष और महिला, दोनों टीमों के विजेता बनने से यह जीत और भी खास हो गई है। आपकी शानदार उपलब्धि ने हर भारतीय का दिल खुशी और गर्व से भर दिया है। आपकी जीत बेहतरीन प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क की भावना का सबूत है। अमन सहरावत आपने कड़ी मेहनत से शीर्ष स्थान हासिल किया और अपनी श्रेणी में सर्वोच्च सम्मान प्राप्त किया। आपका शानदार प्रदर्शन देशभर के कई युवा पहलवानों को उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा। भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने के लिए आपको मेरी शुभकामनाएं।”
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि एशियाई खेल में पुरुष क्रिकेट टीम ने कौशल, संयम और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस शानदार उपलब्धि से देश का मान-सम्मान बढ़ा है। आने वाले वर्षों में भी टीम का प्रदर्शन शानदार रहे और उन्हें सफलता मिले।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों में महिलाओं के व्यक्तिगत गोल्फ़ में भारत का पहला स्वर्ण पदक जीतने पर प्रणवी शरथ उर्स को बधाई देते हुए कहा कि एक ऐसा स्वर्ण पदक जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। उनके शानदार प्रदर्शन ने देश को खेल जगत का एक यादगार पल दिया है। उम्मीद है कि यह जीत और भी युवा भारतीयों को इस खेल की ओर आकर्षित करेगी और उन्हें शीर्ष पर पहुंचने के लिए प्रेरित करेगी। तीरंदाजी में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने पर कुमकुम अनिल मोहोद को बधाई। निर्णायक शूट-ऑफ में उनका संयम और धैर्य विशेष रूप से शानदार था। वे और भी ऊंचाइयां हासिल करें।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि तिरंगा एक बार फिर सबसे ऊपर! एशियन खेल के अंतिम दौर में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के साथ भारत ने एशियन खेल में क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता है, जिससे देशवासियों को खुशी मनाने का मौका मिला है। यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है, एक ऐसी उपलब्धि जो लाखों युवाओं को उत्साहित करती है। नीरज चौहान के कौशल, एकाग्रता और दृढ़ संकल्प ने देश का मान बढ़ाया है। उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगे और भी सफलताएं हासिल करने की कामना करते हैं। अमन सहरावत ने स्वर्ण पदक उनके पिछले एशियन खेल में जीते कांस्य पदक से एक कदम आगे है और उनके शानदार रेसलिंग करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नीरज चौहान की यह उपलब्धि भारत की तीरंदाजी यात्रा में एक और शानदार अध्याय जोड़ती है। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर एशियन खेल में पुरुषों के टी20 स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया और पाकिस्तान के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला लगातार बढ़ा लिया। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाकर बल्लेबाजी की कमान संभाली, जबकि अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने अहम विकेट लेकर पाकिस्तान के लक्ष्य का पीछा करने की कोशिश को काबू में रखा।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि खिलाड़ियों के जबरदस्त स्कोर, तूफानी गेंदबाजी और मजबूत फ़ील्डिंग के दम पर जो कमाल दिखाया, उससे विरोधी टीम के लिए कोई मौका नहीं बचा और भारत में जश्न का माहौल बन गया। आप पर गर्व है। जीत हमेशा आपकी हो।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि टीम इंडिया का शानदार दबदबा! कौशल, संयम और टीमवर्क के शानदार प्रदर्शन ने महाद्वीपीय मंच पर गौरव दिलाया। अपने विजेता खिलाड़ियों पर गर्व है, जिन्होंने एक बार फिर वह जज़्बा, हिम्मत और बेहतरीन खेल दिखाया है जो भारतीय क्रिकेट की पहचान है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला रिकर्व टीम ने एशियाई खेल 2026 में इतिहास रचते हुए शुक्रवार को दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कीर्ति शर्मा, अंकिता भकत और कुमकुम मोहोड की तिकड़ी ने इस जीत के साथ एशियाई खेलों में दक्षिण कोरिया के 44 साल से चले आ रहे दबदबे को समाप्त किया।
एशियाई खेलों में भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने इससे पहले पुरुष टीम, महिला टीम और मिश्रित टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। इसके बाद महिला रिकर्व टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत के लिए तीरंदाजी में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की।
