झारखंड में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़

रांची/पश्चिमी सिंहभूम, 22 जनवरी। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने और दुर्गम सारंडा जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुंभडीह गांव के पास उस समय शुरू हुई, जब नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी।

प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी कमांडर अनल दा उर्फ तूफान समेत 10 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि, सुरक्षाबलों की ओर से मारे गए नक्सलियों की संख्या और पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद ही किए जाने की बात कही गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की थी। खुद को घिरा देख नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए प्रभावी कार्रवाई की। मुठभेड़ रुक-रुक कर चलती रही और बाद में नक्सली घने जंगल व पहाड़ी इलाके का लाभ उठाकर भागने का प्रयास करते रहे।

कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा और आईजी (अभियान) माइकल राज एस ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भाकपा (माओवादी) के अनल दस्ते के खिलाफ की गई, जो किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में था। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल किसी भी सुरक्षाकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

गौरतलब है कि सारंडा और कोल्हान क्षेत्र लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहा है और यहां मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु तथा अनल जैसे कई शीर्ष माओवादी नेताओं की सक्रियता बताई जाती रही है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।