पलामू, 23 अगस्त । पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित गिनी मोहल्ला में कथित तौर पर घर में तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी से परेशान 20 से 25 परिवारों ने रविवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक उम्मीदवार रुचिर कुमार तिवारी से उनके आवास पर मुलाकात कर जान-माल और संपत्ति की सुरक्षा की गुहार लगाई।
पीड़ितों की शिकायत सुनने के बाद तिवारी उन्हें लेकर पलामू के आरक्षी अधीक्षक के आवास पहुंचे, जहां कार्यालय स्तर से बातचीत के बाद लोगों का आवेदन लिया गया।
भाकपा जिला सचिव रुचिर तिवारी ने आरोप लगाया कि शाहपुर के गिनी मोहल्ला में कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा सोनी बीवी के घर में जबरन तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंकने और मकान को ध्वस्त करने की साजिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने की भी शिकायत सामने आई है। उनका दावा है कि मामले को लेकर पीड़ित लोग चैनपुर थाना पहुंचे, लेकिन थाना प्रभारी ने कथित रूप से आवेदन लेने से इनकार कर दिया।
तिवारी के अनुसार, पीड़िता ने डीएसपी राजेश यादव के समक्ष भी आवेदन दिया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से परिवारों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि घर में रहने वाले परिवार छोटे-छोटे बच्चों के साथ असुरक्षा की स्थिति में हैं और कार्रवाई की उम्मीद में एसपी के समक्ष पहुंचे हैं।
भाकपा नेता ने पुलिस प्रशासन से पीड़ित परिवारों की तत्काल सुरक्षा सुनिश्चित करने, घर और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कथित कोशिश पर रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
