हजारीबाग, 23 अगस्त। बरही थाना क्षेत्र के करियातपुर-नईटांड़ के पास जीटी रोड पर पुलिस ने शनिवार सुबह मवेशियों से लदे 21 ट्रकों को पकड़ा है। पुलिस ने सभी ट्रकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि सभी ट्रकों में गोवंशीय पशु लदे थे. वाहनों के आगे और पीछे एनिमल कैरियर के बैनर लगे थे। बरही थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने बताया कि वाहनों को रोककर पशुओं और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
ट्रकों से बरामद पशुओं को बरकट्ठा पुलिस के सहयोग से घंगरी में उतारकर रखा जा रहा है।
पशु मालिकों के साथ महिला अधिवक्ता भी
पशु मालिकों के साथ एक महिला अधिवक्ता भी कार से चल रही थीं. बताया गया कि वह प्रशासन को आवश्यक कानूनी जानकारी दे रही थीं, हालांकि, पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने किसी तरह का बयान देने से इनकार कर दिया.
पशु मालिकों ने पुलिस को बताया कि वे बिहार के काराकाट मवेशी मेला से पशुओं को खरीद कर बंगाल के विभिन्न खटालों में ले जा रहे हैं । उनके अनुसार, 20 ट्रकों में भैंस और उनके बच्चे तथा एक ट्रक में गाय और उनके बछड़े हैं । पशु मालिकों का कहना है कि उनके पास मेले से खरीद के कागजात, टैक्स जमा करने के प्रमाण और परिवहन से संबंधित दस्तावेज हैं।
पुलिस ने बरही पशुपालन विभाग के कर्मी को भी मौके पर बुलाया है।
