मारिसो शिविर

145 को मिलेंगे चश्‍मे, 110 के होंगे निशुल्‍क ऑपरेशन

कोलकाता, 9 नवंबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता द्वारा आज पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर स्थित हनुमान परिषद धर्मशाला में एक नि:शुल्क नेत्र परीक्षा एवं हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया।

इस शिविर में लगभग 500 रोगियों की जांच की गई, जिनमें से 145 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई और 110 मरीजों में मोतियाबिंद ऑपरेशन की जरूरत चिन्हित की गई। शेष मरीजों की शुगर टेस्टिंग और सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई।

मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में नि:शुल्क किया जाएगा।

कैम्‍प कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद राय गोयनका की प्रेरणा एवं उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में हनुमान परिषद के सचिव अरुण डेलिया,  डॉ. एम. के. राय, डॉ. मलय दास और डॉ. सुवेंदु देवनाथ का योगदान सराहनीय रहा।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है।

दिवाकर ने बताया कि सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही है। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपये लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपये में परामर्श देते हैं और दवा निशुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से मात्र 120 रुपये में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं निशुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती है।

निशुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन निशुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।