—विद्यालय परिसर में लगाया नारियल का पौधा
साहिबगंज, 3 सितंबर। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के संदेश के साथ गुरुवार को गंगा मिशन की साहिबगंज इकाई की ओर से महादेवगंज स्थित श्री राम चौकी उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच फलदार वृक्ष एवं पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नारियल का पौधा भी लगाया गया।
गंगामिशन के प्रतिनिधि एवं कार्यक्रम के संयोजक सुरेश निर्मल ने बताया कि कार्यक्रम में जनहित क्लब महादेवगंज के अनुराग राहुल क्लब के सदस्यों के साथ मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनिता कुमारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की धरती हरे-भरे वृक्षों से समृद्ध रहनी चाहिए। यह तभी संभव है, जब हम अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और लगाए गए वृक्षों को बचाने का संकल्प लें।
इस अवसर पर सुधीर श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कविता का पाठ कर बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील होने का संदेश दिया। शिक्षाविद माखनलाल यादव ने प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधों की भूमिका बताई।
जनहित क्लब महादेवगंज के अनुराग राहुल ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा एवं संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
मां गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडे ने कहा कि यदि पर्यावरण की रक्षा नहीं की गई तो आने वाली पीढ़ियों को विनाशलीला का दंश झेलना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। वहीं डॉ. राजेश कुमार साह ने पर्यावरण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए प्रकृति संरक्षण को मानव जीवन से सीधे जुड़ा विषय बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में नारियल का पौधा रोपा गया। वक्ताओं ने बच्चों को पौधों की देखभाल करने तथा अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विनती शर्मा, कुमारी रेखा, चंदा कुमारी, मनोज कुमार मंडल, प्रमोद कुमार पांडे, विनय कुमार, संतोष कुमार, अभयानंद, आनंद मोदी, सुनील मंडल, कोमल कुमारी, अमन कुमार, अंकित कुमार, सुधांशु राय और विभाष कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
