शब्‍द वीणा

शब्दवीणा परिवार ने जताया हर्ष, कहा—यह उपलब्धि संस्था के लिए गौरव का विषय

कोलकाता, 11 नवंबर।

वरिष्ठ कवि रामपुकार सिंह ‘गाजीपुरी’ को काशी हिन्दी विद्यापीठ द्वारा आयोजित “काव्य संगम एवं गाजीपुर दर्पण सम्मान समारोह” में ‘विद्या वाचस्पति विशेष मानद सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। रामपुकार सिंह साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘शब्दवीणा’ के पश्चिम बंगाल के प्रदेश सचिव हैं।

संस्था के पदाधिकारियों महावीर बजाज, पुरुषोत्तम तिवारी, प्रदीप शुक्ल, प्रो. डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी, ग़ज़लकार रामनाथ बेख़बर, कवि हीरालाल साव, ज्ञान प्रकाश पांडेय, डॉ. शिव प्रकाश दास, देवेश मिश्र, रामाकांत सिन्हा तथा संजीव कुमार दुबे सहित पूरे शब्दवीणा परिवार ने कवि सिंह को बधाई दी है।

संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने कहा कि “रामपुकार सिंह की कविताओं में देशभक्ति, समाजसेवा और सामाजिक विसंगतियों के प्रति संवेदनशीलता स्पष्ट झलकती है।”

उन्होंने बताया कि सिंह को यह सम्मान शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

यह सम्मान समारोह स्व. चंद्रमा शर्मा ‘रसेश’, डॉ. विवेकी राय और चंद्रदेव शर्मा की स्मृति में आयोजित हुआ। समारोह में काशी हिन्दी विद्यापीठ के कुलपति कवि सुखमंगल सिंह मंगल मुख्य अतिथि, कवि परमहंस तिवारी विशिष्ट अतिथि और डॉ. गिरीश पांडेय काशिकेय अध्यक्ष रहे, जबकि संयोजन एवं संचालन कुलसचिव कवि इन्द्रजीत तिवारी निर्भीक ने किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त औषधि पंडित रंगबहादुर सिंह, सूर्य कुमार सिंह, गजानंद शर्मा, विजय पांडेय, दिनेश चंद्र शर्मा, अनिल अनिलाभ, राजेन्द्र भारती, डॉ. विजय नारायण तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ साहित्यकार उपस्थित रहे।

समारोह के दूसरे सत्र में हुए कवि सम्मेलन में आमंत्रित कवियों ने एक से बढ़कर एक रचनाएँ प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कवि रामपुकार सिंह ‘गाजीपुरी’ ने इस सम्मान को परमपिता परमात्मा और अपने शुभचिंतकों को समर्पित करते हुए कहा कि वे पश्चिम बंगाल के हुगली, हावड़ा, बर्धमान, अलीपुरद्वार, बाँकुड़ा, दार्जिलिंग सहित उत्तर प्रदेश के गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, उन्नाव आदि जिलों में शब्दवीणा के सांगठनिक विस्तार हेतु प्रयासरत रहेंगे।