जलपाईगुड़ी, 03 नवंबर । सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजगंज के बंधुनगर मोड़ के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बीरपाड़ा से यात्रियों को लेकर सिलीगुड़ी आ रही एक निजी यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क का डिवाइडर पार कर विपरीत लेन में जा घुसी। इस सनसनीखेज घटना से यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बस निर्धारित रूट पर सिलीगुड़ी की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही वाहन बंधुनगर के पास पहुंचा, चालक ने अचानक बस पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार बस डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची। गनीमत यह रही कि उस दौरान विपरीत दिशा से कोई अन्य तेज रफ्तार वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना घट सकती थी।
घटना की सूचना पाकर फूलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट और भोरेर आलो थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने का काम शुरू किया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
