dar

सिलीगुड़ी, 03 नवंबर। उत्तरकन्या में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार दोपहर आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक में उत्तर बंगाल के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन योजनाओं के तहत दार्जिलिंग की पहाड़ियों, तराई, डुआर्स और उत्तर बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य, परिवहन, खेल, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

बैठक में घोषणा की गई कि नौ दिसंबर 2027 को मुख्यमंत्री कलिम्पोंग मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही दार्जिलिंग, कर्सियांग, कलिम्पोंग, मिरिक और सिलीगुड़ी के सरकारी अस्पतालों की मरम्मत, आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को भी मंजूरी दी गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा कर्सियांग से दार्जिलिंग तक 21 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। इस परियोजना से परिवहन का एक वैकल्पिक माध्यम विकसित होगा। साथ ही सड़क यातायात का दबाव कम होने और पर्यटकों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है।

खेल के क्षेत्र में लेबोंग ग्राउंड को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। यहां खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

वहीं, दार्जिलिंग के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, विकास और रखरखाव के लिए 19 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी पर्यटन लॉजों की मरम्मत और आधुनिकीकरण के भी निर्देश दिए हैं।

बैठक में स्वीकृत इन परियोजनाओं से उत्तर बंगाल में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई है। बैठक में शामिल प्रतिनिधि ने इन विकास योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन पहलों से दार्जिलिंग की पहाड़ियों, तराई और डुआर्स क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।