हुगली, 19 अप्रैल। गंगा में नहाने के दौरान एक हादसे में हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में एक माध्यमिक परीक्षार्थी की डूबने से मौत हो गई, जबकि नदिया जिले के नवद्वीप में दो कॉलेज छात्र लापता हो गए। दोनों ही घटनाओं से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तरपाड़ा के पंचाननतला घाट पर यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान अंकुश दत्ता के रूप में हुई है, जो स्थानीय अमरेंद्र विद्यालय का माध्यमिक परीक्षार्थी था। रविवार को वह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान चार दोस्त पंचाननतला घाट पहुंचे और गंगा में नहाने का निर्णय लिया।
बताया गया है कि अंकुश और एक अन्य किशोर गंगा में उतरे, जबकि बाकी दो दोस्त घाट की सीढ़ियों पर ही मौजूद थे। कुछ ही देर में दोनों किशोर गहरे पानी में चले गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। वहां मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें बचाने के लिए गमछा बढ़ाया। एक किशोर किसी तरह गमछा पकड़कर बाहर निकल आया, लेकिन अंकुश पानी के तेज बहाव में बह गया।
घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों के अनुसार, काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और न ही समय पर गोताखोरों को उतारा गया। आशंका जताई जा रही है कि तेज धारा में बहने से अंकुश की मौत हो गई।
इधर, नदिया जिले के नवद्वीप में भी दो कॉलेज छात्र गंगा में नहाने के दौरान लापता हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे भी नदी में स्नान करने उतरे थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से खोजबीन जारी है।
