ffw

खूंटी, 22 जुलाई । विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को खूंटी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की तीसरी संयुक्त बैठक एवं चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। बैठक में बीएलओ, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 तथा मतदाताओं ने भाग लिया।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट तथा हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले मतदाताओं की सूची को अंतिम रूप देने, प्राप्त प्रगणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं सत्यापन, एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित करने तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं एवं दस्तावेजों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में यह भी तय किया गया कि संबंधित मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान बीएलओ ने मतदाता सूची में चिन्हित मतदाताओं से संबंधित सूचनाओं का सत्यापन प्रस्तुत किया, जबकि बीएलए-2 की ओर से दिए गए सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

चुनाव पाठशाला के दौरान प्रतिभागियों को विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया। उन्हें प्रगणना प्रपत्रों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सही ढंग से भरकर जमा करने तथा डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूरा करने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही मतदाताओं से अपील की गई कि वे अपने प्रपत्रों में सभी जानकारियां स्पष्ट एवं सही तरीके से दर्ज करें, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी तरह सहभागी, पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में स्थान न पा सके। उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलए-2, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।