ओंकार

रांची, 12 अप्रैल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए झारखंड कांग्रेस के नेताओं को कई  महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई है।

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2026 के सफल संचालन और प्रचार-प्रसार को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक स्टेट कंट्रोल रूम का गठन किया है। प्रवक्ता रियाज अंसारी ने बताया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह और झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के लीगल सेल के चेयरमैन अमृत सिंह को स्टेट इलेक्शन कोऑर्डिनेटर (कंट्रोल रूम प्रभारी) नियुक्त किया गया है।

यह नियुक्ति पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सुभंकर सरकार ने प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर की अनुशंसा पर आधिकारिक आदेश जारी कर की है। दोनों नेताओं को चुनावी अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर/एयरक्राफ्ट मूवमेंट का समन्वय, वरिष्ठ नेताओं के साथ तालमेल तथा अन्य महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन की जिम्मेदारी दी गई है।

इस जिम्मेदारी मिलने पर झारखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया है कि ऋषीकेश सिंह और अमृत सिंह अपने अनुभव व संगठनात्मक कौशल के बल पर दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और पश्चिम बंगाल में पार्टी के चुनाव अभियान को मजबूती प्रदान करेंगे।