dfh

खूंटी, 18 सितंबर । खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र में अंतरजिला बाइक चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट के जरिए खरीद-बिक्री करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी की 19 बाइक, एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप, आठ मोबाइल फोन और दो मास्टर चाबी बरामद की गई हैं।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के कुछ सदस्य चोरी की बाइक में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनकी खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सायको और अड़की थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरुदयाल मुंडा उर्फ पनसउ मुंडा (26), इसरायल पूर्ति (24), मनमसीह पूर्ति उर्फ डेरो (19), मसीह मुंडा (19), मोहन लोहार (32), एतवा मुंडा (19), समराय होरो (26) और जयराम मुंडा उर्फ जावरा के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह के सदस्य चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनकी खरीद-बिक्री करते थे। बरामद 19 बाइकों के संबंध में पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। इनके वास्तविक मालिकों और चोरी की घटनाओं का भी पता लगाया जा रहा है।

इस संबंध में सायको थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

छापेमारी टीम में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पाण्डेय, अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश सिंह, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा, एसआई मुकेश कुमार और मंटु कुमार सहित सायको थाना सैट बल के हवलदार भुनेश्वर उरांव, आरक्षी धर्मेंद्र भगत तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।