onkkkk

कोलकाता, 05 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी आगामी हावड़ा और कोलकाता नगर निगम चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन में पुराने चेहरों को प्राथमिकता दे रही है। साल 2021 के चुनावों से पहले और बाद में पार्टी में शामिल हुए ऐसे नेता और कार्यकर्ता, जिनकी अपने इलाकों में अच्छी लोकप्रियता है, उन्हें बाकी सीटों पर प्राथमिकता दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक दिसंबर के तीसरे सप्ताह में कोलकाता और हावड़ा में नगर निगम चुनाव हो सकते हैं। हालांकि फिलहाल चुनाव की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।

संभावना है कि काली पूजा के समाप्त होते ही चुनाव की आधिकारिक घोषणा हो जाएगी। इसलिए, भाजपा 15 नवंबर तक अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देना चाहती है। उम्मीदवारी के लिए आवेदन पहले ही जमा हो चुके हैं और वर्तमान में भाजपा के प्रदेश स्तर के नेता मंडल स्तर पर जाकर जमीनी कार्यकर्ताओं की राय ले रहे हैं।

भाई दूज के त्योहार के बीच ही उम्मीदवारों को लेकर निचले स्तर के कार्यकर्ताओं की राय लेने का काम लगभग पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद नामों की सूची राज्य समिति को सौंपी जाएगी। पार्टी की कोर कमेटी और कोलकाता तथा हावड़ा नगर निगम की चुनाव समिति इन नामों पर अंतिम मुहर लगाएगी।

इस अहम बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। पार्टी के भीतर किसी भी तरह का असंतोष या गुटबाजी न हो, इसे लेकर भाजपा इस बार उम्मीदवार चयन में बेहद सतर्कता बरत रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उम्मीदवारी तय करते समय संगठनात्मक रूप से लंबे समय से जुड़े कार्यकर्ताओं को विशेष महत्व दिया जाएगा। उन्होंने यह भी साफ कर दिया था कि अचानक भाजपा का झंडा थाम लेने का मतलब पार्षद का टिकट मिलना कतई नहीं है। हालांकि, यह भी सच है कि उम्मीदवार के चयन में संगठन के साथ लंबे जुड़ाव के अलावा, इलाके में नेता की स्वीकार्यता, व्यक्तिगत साफ-सुथरी छवि, जनसंपर्क और जीतने की प्रबल संभावना को भी प्रमुखता दी जा रही है।

भाजपा कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनावों को विशेष महत्व दे रही है। पार्टी की ओर से कोलकाता नगर निगम चुनाव के प्रभारी केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार हैं। इसके अलावा, सह-प्रभारी राजू बनर्जी, संयोजक तापस रॉय और सह-संयोजक रितेश तिवारी हैं। पार्टी का यह शीर्ष नेतृत्व उम्मीदवार चयन के अंतिम चरण के काम में पूरी तरह से जुटा हुआ है। वे उम्मीदवारों की संभावित सूची तैयार कर नगर निगम चुनाव के मुख्य प्रभारी व केंद्रीय नेता सुनील बंसल को सौंपेंगे। वहीं, हावड़ा नगर निगम चुनाव के प्रभारी व राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा भी उम्मीदवारों की सूची को लेकर अपना अंतिम प्रस्ताव शीर्ष नेतृत्व के समक्ष पेश करेंगे।