स्‍कूल वैन हादसा

जमशेदपुर, 18 सितंबर।  टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार को चिन्मया विद्यालय के बच्चों को लेकर जा रही स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में वैन चालक तथा वैन में सवार 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। चालक एवं दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल वैन स्टेडियम की ओर से चिन्मया विद्यालय के बच्चों को छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चैम्बर फट गया। दुर्घटना के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए।

हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के फ्लैटों और घरों से लोग तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल उपचार के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया।

मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी ने बताया कि दुर्घटना संभवतः एक कार को बचाने के प्रयास में हुई। उनके अनुसार चिन्मया स्कूल की दिशा से आ रही एक कार स्कूल वैन के बेहद करीब आ गई और उसे सटते हुए पार कर गई। इस दौरान वैन चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।