एक आरोपित गिरफ्तार

हजारीबाग, 17 सितंबर ।  हजारीबाग के ईचाक थाना क्षेत्र में नेशनल पार्क के पीछे कुबड़ी पुल के नीचे 25 अगस्त की सुबह मिले अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की  हत्या गला दबाकर की गई थी और इसके बाद शव को लाकर कुबड़ी पुल के नीचे फेंक दिया गया था। मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो सहयोगियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान प्रकाश कुमार (27) के रूप में हुई है। जांच में उसके दो सहयोगियों विक्की पासवान और आयुष कुमार की भूमिका भी सामने आई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की सुबह करीब सात बजे सूचना मिली थी कि नेशनल पार्क के पीछे कुबड़ी पुल के नीचे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद ईचाक थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में 25 अगस्त को ईचाक थाना में अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच के लिए तकनीकी शाखा की भी मदद ली गई।

जांच के क्रम में पुलिस ने प्रकाश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने मृतका की पहचान रंजना सिन्हा, पति सुरेश कुमार सिन्हा के रूप में की है। जांच के अनुसार रंजना की हत्या 23 अगस्त 2026 को गला दबाकर की गई थी। हत्या के बाद रात के समय शव को ईचाक थाना क्षेत्र में नेशनल पार्क के पास स्थित कुबड़ी पुल के नीचे लाकर फेंक दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद सामने आई है। गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ी से मृतका का चश्मा भी बरामद किया है।

पुलिस आरोपित के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि प्रकाश कुमार के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। बाराचट्टी थाना में उसके खिलाफ बिहार एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि बोधगया थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब विक्की पासवान और आयुष कुमार की गिरफ्तारी के साथ हत्या में उनकी भूमिका, जमीन विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं और शव को ठिकाने लगाने की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।