गंगा मिशन शिविर

फुटबॉल, क्रिकेट और खो-खो का प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा

कोलकाता/ हुगली, 24 मई ।  गंगा मिशन की ओर से रविवार को हुगली जिले में बांसबेड़िया के आजाद हिंद पार्क स्थित रात्रि आश्रय स्‍थल में स्‍वास्‍थ्‍य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बांसबेड़िया नगरपालिका के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में गंगा मिशन के राष्ट्रीय महा सचिव प्रह्लाद राय गोयनका, सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक स्‍वराज घोष, वार्ड पार्षद सरिका सिंह, पार्षद अमित घोष, मगरा-1 ग्राम पंचायत के उपप्रधान रघुनाथ भौमिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।शिविर की शुरुआत अतिथियों के स्‍वागत के साथ की गई।

शिविर में करीब 300 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।शिविर में आए सभी मरीजों की ब्लड प्रेशर, ईसीजी एवं ब्‍लड शुगर जांच निःशुल्क की गई। जरूरतमंदों के बीच दवाइयों का निशुल्‍क वितरण किया गया।

नेत्रपरीक्षण के दौरान 90 मरीजों की नजर कमजोर पाई गई, इन्‍हें चश्‍में निःशुल्क दिए जाएंगे। 20 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया, जिनके ऑपरेशन आगामी 30 जून को मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्‍पताल में किए जाएंगे।

इस अवसर पर गंगा मिशन की ओर से घोषणा की गई कि आने वाले दिनों में इसी फुटबॉल मैदान में बच्चों और युवाओं के लिए फुटबॉल, क्रिकेट और खो-खो का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा।

गंगा मिशन के राष्ट्रीय सचिव प्रह्लाद राय गोयनका ने कहा कि संस्था समाज सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से लगातार विभिन्न कार्यक्रम चला रही है तथा भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां जारी रहेंगी।

गंगामिशन के प्रतिनिधि सरदार ज्‍योति सिंह ने बताया कि शिविर को सफल बनाने में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत पाल, डॉ. ओवैद आलम का योगदान सराहनीय रहा।