जलपाईगुड़ी, 14 मार्च । जिले के गयेरकाटा चाय बागान के बांस लाइन के सामने एशियन हाईवे-48 पर हुए सड़क हादसे में एक महिला चाय श्रमिक की मौत हो गई। मृतका की पहचान पतनु खाचुआ (55) के रूप में हुई है।
इस हादसे में दो अन्य श्रमिक अफ्रीला लकड़ा और राजकुमारी बाड़ा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह चाय बागान के श्रमिक समूह में काम पर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक लोरी ने तीनों को कुचल दिया और मौके से फरार होने की कोशिश की।
घटना के विरोध में गुस्साए श्रमिकों ने धुपगुड़ी-बीरपाड़ा जाने वाले एशियन हाईवे को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रहने से इलाके में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बानरहाट थाना प्रभारी सूरज थापा और धुपगुड़ी के एसडीपीओ अरिंदम पाल चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल लाॅरी को जब्त कर लिया है और इलाके में ट्रैफिक बैरियर लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
