कोलकाता, 26 अगस्त । भारत-बांग्लादेश सीमा पर नशीली कफ सिरप की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बशीरहाट थाना पुलिस ने चार हजार 438 बोतल प्रतिबंधित फेंसीडिल जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में मौके से हुसैन बिस्वास नामक आरोपित को गिरफ्तार किया है। मिनी ट्रक और पूरी खेप को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मिनी ट्रक में भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप भरकर सीमा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने टाकी रोड के आमतला इलाके में नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गई चार हजार 438 बोतल फेंसीडिल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि खेप को सीमावर्ती इलाके साकचूड़ा ले जाया जा रहा था। कथित तौर पर वहां से इसे अवैध तरीके से बांग्लादेश भेजने की योजना थी। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
