
सिलीगुड़ी, 14 मार्च । ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी ने न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर ब्राउन शुगर के साथ एक युवती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती की पहचान तस्लीमा खातून (28) के रूप में हुई है, जो असम के मोरीगांव जिले की रहने वाली बताई जा रही है।
रेलवे पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर जीआरपी और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। उस समय डाउन विवेक एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची, जिसके बाद ट्रेन में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान जनरल कोच से संदिग्ध हालत में एक युवती को हिरासत में लिया गया। बाद में उसकी तलाशी लेने पर करीब 48 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
रेलवे पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार मूल्य लाखों रुपये है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद ड्रग्स को असम से केरल तस्करी कर ले जाया जा रहा था पूरे मामले की जांच जीआरपी कर रही है।


















