सड़क हादसे में महिला पुलिसकर्मी की मौत

पलामू, 01 नवंबर । पलामू जिले के छतरपुर महिला थाना में तैनात महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी (31) की रविवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह पड़वा के लामी पतरा में जेटेट परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था देखने जा रही थीं।

इसी दौरान छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट आने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोग महिला जवान को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर जवान के परिजन एवं ग्रामीण उग्र हो गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने नहीं दे रहे हैं।

शव अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर में पड़ा हुआ है। परिजन महिला सिपाही की हत्या का आरोप लगा रहे हैं और बाइक से जा रहे पुलिसकर्मी की पहचान सार्वजनिक करने और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

परिजनों का यह भी कहना है कि पुलिस जवान की गोली मारकर हत्या की गई और दुर्घटना साबित करने की कोशिश की जा रही है।

इधर जानकारी मिली है कि परिजनों के द्वारा सड़क जाम कर दिया गया है। छतरपुर थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मामले को शांत करने के लिए आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

बताया जाता है कि पुलिस जवान बबीता कुमारी की परीक्षा ड्यूटी पड़वा के लामी पतरा में लगी थी। एक साथी पुलिसकर्मी की बाइक पर बैठकर परीक्षा केंद्र पर जा रही थी। इसी क्रम में हादसा हुआ। साथी पुलिसकर्मी की पहचान सार्वजनिक नहीं हो पाई है।

पुलिस जवान बबीता पिछले 3 साल से छतरपुर के महिला थाना में कार्यरत थी। उनका मायका छतरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव में है, जबकि ससुराल पड़वा थाना क्षेत्र में है। उसके तीन बच्चे हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।