पलामू, 01 नवंबर । पलामू जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन ऑटो चालक युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल दो टोटो टेम्पो और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। टेम्पो से यात्रा के दौरान घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार को बताया कि नाबालिग हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह किसी काम से ऑटो (टोटो) से 29 अक्टूबर को ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकडाही गांव आई थी। लौटने के क्रम में जिस टोटो से आई थी, वह खराब हो गया था। दूसरे टोटो को बुक कर वापस हुसैनाबाद जा रही थी। इसी क्रम में टोटो में सवार चालक सहित तीन युवकों ने नाबालिग से छेड़छाड़ करते हुए सामुहिक दुष्कर्म किया।
इस संबंध में नाबालिक लड़की के बयान पर 31 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव के रहने वाले सुबोध दीक्षित (38) पिता राजेश्वर दीक्षित, मुकेश दीक्षित ( 26) पिता स्वर्गीय बाबूलाल दीक्षित और अभय दीक्षित (20) पिता संजय दीक्षित शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामला नाबालिक से जुड़ा हुआ है इसलिए आरोपितों को सख्त कानूनी सजा दिलाने के लिए विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीव मंडल को विशेष रूप से दिशा निर्देश दिया गया है।
कारवाई टीम में बिश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पांडू अंचल के पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, ऊंटारी रोड के थाना प्रभारी संतोष गिरी और उनकी टीम शामिल थी।
