चोरबागान -मकान में लगी आग, दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू

कोलकाता, 01 नवंबर । महानगर कोलकाता के चोरबागान इलाके में रविवार सुबह एक मकान की पहली मंजिल पर लगी, जिसके कारण आसपास का पूरा इलाका धुएं से भर गया। सूचना पाकर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दमकल विभाग के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर तत्काल दमकल की दो गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने पहले बाहर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर कुछ हद तक नियंत्रण होने के बाद वे मकान के अंदर दाखिल हुए। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे मकान में आग लगी थी। आग दिखाई देने पर स्थानीय लोगों और मकान में रहने वाले लोगों ने शुरुआत में अपने स्तर पर उसे बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग फैलने के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान में रहने वाले सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए। आग से घर के अंदर रखे कई सामान जलकर नष्ट हो गए हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग इसकी जांच कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि दुर्गापूजा के दौरान इसी चोरबागान इलाके के एक पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई थी। रविवार को जिस मकान में आग लगी, वह हादसे वाले पूजा पंडाल के ठीक सामने स्थित है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।