हादसे में झुलसे बुजुर्ग की मौत 01

पूर्वी सिंहभूम, 13 मई। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह निवासी 61 वर्षीय परवीन जायसवाल की हादसे में झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिवार समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परवीन जायसवाल काशीडीह लाइन नंबर-23 के रहने वाले थे और पिछले 16 दिनों से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच ) में भर्ती थे, जहां मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

जानकारी के अनुसार यह हादसा 26 अप्रैल को धालभूम क्लब में आयोजित एक रिसेप्शन समारोह के दौरान हुआ था। समारोह परवीन जायसवाल के भतीजे की शादी के उपलक्ष्य में रखा गया था, जिसमें परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में शामिल थे। परवीन जायसवाल आयोजन की व्यवस्थाओं में लगे हुए थे और इसी दौरान वे किचन एरिया में पहुंचे, जहां बड़े कड़ाहे में तेल खौल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक उन्हें चक्कर आया और संतुलन बिगड़ने से वे सीधे गर्म तेल से भरे कड़ाहे में गिर पड़े। घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया।

बताया जाता है कि हादसे में उनके शरीर का बड़ा हिस्सा बुरी तरह झुलस गया था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन हालत लगातार नाजुक बनी रही। करीब 16 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद मंगलवार को उनकी मौत हो गई।

बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक की लहर फैल गई है।