रांची, 25 सितंबर। एचईसी श्रमिक संघ ने प्रबंधन से कर्मचारियों को जल्द क्वार्टर आवंटित करने की मांग की है। संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने शुक्रवार को कहा कि क्वार्टर आवंटन के लिए जल्द काउंसलिंग कराई जाए और सेक्टर-3 में खाली पड़े बी टाइप क्वार्टर भी कर्मचारियों को आवंटित किए जाएं।
शनि सिंह ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कर्मचारियों को क्वार्टर आवंटित करने के लिए पिछले तीन वर्षों से काउंसलिंग नहीं हुई है। इससे जरूरतमंद कर्मचारियों को आवास की सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रबंधन कर्मचारियों को क्वार्टर आवंटित नहीं कर रहा है, वहीं दूसरी ओर एचईसी छोड़कर जा चुके कई कर्मचारी क्वार्टर अपने पास रखकर किराये पर लगा रहे हैं। उनके अनुसार, ऐसे क्वार्टरों से आठ से 10 हजार रुपये तक मासिक किराया वसूला जा रहा है।
शनि सिंह ने मांग की कि एचईसी छोड़कर जाने वाले जिन कर्मचारियों ने अब तक क्वार्टर जमा नहीं किया है, उनसे बाजार दर के अनुसार संशोधित किराया वसूला जाए। उनके अनुसार, वर्तमान में बी टाइप क्वार्टर का किराया 3,500 रुपये और सीडी क्वार्टर का किराया 5,000 रुपये है। उन्होंने दोनों श्रेणी के क्वार्टरों का किराया बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे एचईसी को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा और कर्मचारी क्वार्टर खाली कर जमा करने के लिए प्रेरित होंगे।
शनि सिंह ने आरोप लगाया कि एचईसी के टीए डिवीजन से पर्याप्त राजस्व प्राप्त किया जा सकता है, जिससे कर्मचारियों के मासिक वेतन भुगतान में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी की संपत्ति का समुचित संरक्षण नहीं हो रहा है और एचईसी के क्वार्टरों पर अवैध कब्जे लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने प्रबंधन से एचईसी क्वार्टरों से अवैध कब्जे हटाने के लिए कार्रवाई करने तथा सीओटी के माध्यम से कंपनी की संपत्ति को खाली कराने की मांग की। संघ ने कर्मचारियों को आवास आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने पर भी जोर दिया।
